सादे लिबास में वसूली कर रहे थे पुलिसकर्मी, भीड़ ने नकली समझकर पीटा; अब पूर्वी चंपारण SP ने भी लिया एक्शन

5.0kViews
1952 Shares

सबकी सुरक्षा का संकल्प लेनेवाली पुलिस के जवान जब लोगों का शोषण करने पहुंचे तो उन्हें लोगों के भारी आक्रोश का सामना पड़ा। असली पुलिस वाले को नकली समझ भीड़ ने हमला कर दिया। अपना आक्रोश निकाला।

पुलिस जवानों की करनी सामने आई तो पुलिस कप्तान ने दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों गिरफ्तार किए गए हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों जेल भेजे जा रहे हैं।

आरोपित सिपाहियों में 2014 बैच के सिपाही राजीव कुमार व 2025 बैच के सिपाही आशीष कुमार शामिल हैं। दोनों नगर थाना के बाइक सेल में तैनात थे। यहां से वो अवैध वसूली करने दूसरे थानाक्षेत्र में पहुंचे थे।

घटना शहर के रघुनाथपुर थानाक्षेत्र का मजुराहा गांव में शुक्रवार की रात घटी। पुलिस के दो जवान सादे लिबास में पहुंचे। इस बीच दोनों पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने कथित वसूली के कारण नकली पुलिस समझकर घेर लिया।

देखते-देखते मामले ने इतना तूल पकड़ा कि ग्रामीणों ने दोनों जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के डायल-112 की टीम ने दोनों पुलिसकर्मियों को भीड़ से बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने नकली समझकर पीटा

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी सादे लिबास में ग्रामीण इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। स्थानीय लोगों के बीच पुलिस के नाम पर पैसे मांगने की बात सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया।

ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। मामले में मजुराहा के वार्ड पार्षद पति राकेश सिंह समेत कई स्थानीय लोगों ने ऐसी शिकायतों का हवाला देते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।

अवैध वसूली की सूचना मिली थी। घटना की जांच कराई गई है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद दोनों के खिलाफ रघुनाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। दोनों को जेल भेजा जा रहा। दोनों के खिलाफ निलंबन के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू की जा रही। -स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *