अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी समेत उसके सिंडिकेट के सात तस्करों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दे दी है।
अंसारी अभी बांग्लादेश में छिपकर रह रहा है और उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। एलजी ने सोमवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आदेश जारी किया।
26 अगस्त को दाखिल हो चुका आरोप पत्र
सातों के खिलाफ 26 अगस्त को राउज एवेन्यू स्थित यूएपीए की स्पेशल कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। अब एलजी की मंजूरी मिलने के बाद इन आरोपितों पर यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने का रास्ता साफ हो गया है। ये सभी शाहबाज अंसारी के सीधे संपर्क में थे।
क्राइम ब्रांच ने इस अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ मई में किया था। जांच के दौरान नेटवर्क के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने पूरे सिंडिकेट पर यूएपीए लगाया था।
20 आरोपित गिरफ्तार, 33 विदेशी हथियार बरामद
क्राइम ब्रांच अब तक इस सिंडिकेट से जुड़े 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से चेकोस्लोवाकिया समेत कई देशों के 33 विदेशी अत्याधुनिक हथियार और 365 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पांच आरोपित सीधे अंसारी के संपर्क में
फिलहाल अंसारी, रेहान, कामरान, इमरान और वसीम आदि के खिलाफ यूएपीए में आरोप पत्र दाखिल कर एलजी से मुकदमा चलाने की मंजूरी ली गई है। ये सभी सीधे शाहबाज अंसारी के संपर्क में थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

