गाजीपुर में निर्माणाधीन मकान का बारजा गिरने से गृहस्वामी की मौत, पर‍िजनों में पसरा मातम

1402 Shares

कोडरी बनकटा गांव में सोमवार को निर्माणाधीन मकान का बारजा अचानक भरभराकर गिर गया। इसके मलबे में दबकर गृहस्वामी जितेंद्र प्रसाद (45) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

जितेंद्र प्रसाद सुबह करीब छह बजे निर्माणाधीन मकान के पास खड़े थे। इसी दौरान बारजा अचानक उनके ऊपर गिर गया और वह मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन उपचार के लिए उन्हें मऊ जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जितेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कई वर्षों से रुपये जोड़कर रुक-रुककर मकान का निर्माण करा रहे थे।

अभी मकान की छत भी नहीं लगी थी। परिवार बगल में सीमेंट शीट से बने कमरे में रहता था। जिस मकान को वह बड़े अरमान से बनवा रहे थे, उसी के मलबे में दबकर उनकी जान चली गई। पत्नी सांभा देवी, बेटे अंबुज और राजकपूर का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *