राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में युवाओं से शिक्षा और रोजगार पर करेंगे सीधा संवाद
कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के करीब 60 नेताओं ने उनसे मुलाकात की। इनमें विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। एयरपोर्ट से होटल तक अलग-अलग स्थानों पर मंच बनाकर राहुल गांधी का स्वागत किया गया।
35 वर्ष तक के युवाओं को जोड़ा
कांग्रेस ने इस आयोजन को खासतौर पर जेन-जी और 35 वर्ष तक की उम्र के युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया है। पार्टी पिछले करीब 20 दिनों से आयोजन की तैयारियों के साथ युवाओं के पंजीयन में जुटी हुई थी।
शुक्रवार शाम तक आयोजन की अनुमति, फायर और इलेक्ट्रिक एनओसी को लेकर कांग्रेस नेताओं और प्रशासन के बीच खींचतान चलती रही। कांग्रेस नेताओं ने एनओसी में देरी को लेकर प्रशासन पर आरोप लगाते हुए इसे ‘प्रशासनिक यातना’ बताया।
मंच पर राहुल गांधी ही रहेंगे
आयोजन की खास बात यह है कि इसे गैर राजनीतिक स्वरूप देने की कोशिश की गई है। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के झंडे और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया गया है। राहुल गांधी मंच पर अकेले युवाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के अन्य नेताओं को मंच साझा नहीं कराया जाएगा।
पहले इन शहरों में हुए कार्यक्रम
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इससे पहले कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इंदौर में राहुल गांधी शाम 5:30 बजे से रात 8:15 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद शनिवार रात ही दिल्ली लौट जाएंगे।
कार्यक्रम में क्या रहेगा खास
युवाओं से सीधा संवाद: शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी बात करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: राघव चैतन्य, लशकरी और विकास अनबिटेबल प्रस्तुति देंगे।
गैर राजनीतिक स्वरूप: आयोजन स्थल पर कांग्रेस के झंडे और चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
35 वर्ष तक उम्र सीमा: कार्यक्रम में युवाओं, खासकर जेन-जी को केंद्र में रखा गया है।
मंच पर अकेले राहुल: कांग्रेस नेताओं के बिना राहुल गांधी युवाओं को संबोधित करेंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था: पुलिस की शर्तों के अनुसार रूट, पार्किंग और आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं की गई हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

