‘हेलो बाबू, क्लब चलोगे?’ दिल्ली के क्लबों में खौफनाक खेल, डेटिंग ऐप से दोस्ती कर करवा देती हैं लूट

1524 Shares

 हेलो, बाबू… तुम मेरे दोस्त बनोगे क्या? चलो मिलते हैं और क्लब में चलकर पार्टी करते हैं। अगर किसी युवती से आपकी हाल फिलहाल में दोस्ती हुई है और वह आपको क्लब जाने के लिए पूछ रही है तो सावधान रहें।

ये दोस्त क्लब में ले जाकर अपने गिरोह के साथ मिलकर लूटपाट कर सकती है। राजधानी दिल्ली के क्लबों में आजकर लूटपाट और ठगी का धंधा चल रहा है।

खास तौर पर यमुनापार के क्लबों में युवकों को दोस्ती में फंसाकर लूटपाट की जा रही है और पुलिस इस तरह के गिरोह को पकड़ने में नाकाम है। आनंद विहार के क्लब में लूटपाट के बाद पुलिस ने युवकों को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन मुख्य आरोपित युवती अभी भी फरार है।

आरोप है कि डेटिंग ऐप और इंटरनेट मीडिया के जरिये दोस्ती करने वाली युवतियां युवकों को क्लब में पार्टी के लिए बुलाती हैं और वहां उनके नाम पर खाने-पीने का भारी-भरकम बिल बनवा दिया जाता है।

बिल चुकाने से इनकार करने पर क्लब कर्मचारियों द्वारा युवकों को बंधक बनाने, मारपीट करने और जबरन रकम वसूली जाती है। इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती क्लब के बंद कमरे में मुसीबत का सबब बन रही है।

आनंद विहार थाना क्षेत्र में क्लब में सबसे अधिक वारदात सामने आ रही है। क्रास रिवर माल, आनंद विहार और विवेक विहार क्षेत्र के कुछ क्लबों को लेकर युवकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

रकम का होता है बंटवारा

सड़कों की जगह अब लोगों को क्लब में ले जाकर पुरी प्लानिंग के तरीके से लूटा जा रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वसूली की रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा क्लब संचालक, 10 प्रतिशत उस युवती को मिलता था जो युवक के खाने-पीने का बिल बढ़ाती है।

इसी तरह बाकी लोगों का भी हिस्सा उस वसूली की रकम में होता है। सवाल पुलिस पर है कि वह इस तरह की वारदात को राेक क्यों नहीं पा रही है। आरोप है पुलिस को इन वारदात के बारे में पता होता है, फरवरी में भी इसी तरह की दो वारदात हुई थी। क्लब में वारदात थम नहीं रही है।

ये वारदात अंजाम दी गईं

  • दो अप्रैल, 2024 : शाकरपुर इलाके के एक क्लब में एक लड़के को बंधक बनाकर उससे एक लाख रुपये वसूले गए।
  • पांच सितंबर, 2025: कड़कड़डूमा के एक क्लब में एक लड़के से 50,000 रुपये वसूले गए।
  • 12 मार्च, 2025: क्राॅस रिवर माॅल के एक क्लब में एक लड़के से 60,000 रुपये वसूले गए।
  • एक फरवरी : 2026: क्रास रिवर माॅल के एक क्लब में एक लड़के को बंधक बनाकर उससे 30,000 रुपये वसूले गए।
  • तीन फरवरी : 2026: क्रास रिवर माल के एक क्लब में एक लड़के को बंधक बनाकर उससे 55,000 रुपये वसूले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *