15 साल की काली कमाई पर EOU का शिकंजा! जमुई में गुड्डू यादव गिरोह का रघुनंदन गिरफ्तार; 25 ठिकानों पर हुई थी रेड

1906 Shares

Jamui EOU Action: संगठित आपराधिक वारदातों के जरिए अवैध साम्राज्य और बेनामी संपत्तियां खड़ी करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में सिकंदरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ईओयू के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक और नामजद आरोपित रघुनंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने पंचमहुआ गांव निवासी रघुनंदन को दबोचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई आर्थिक अपराध थाने में दर्ज एक विशेष प्राथमिकी से जुड़ी है। इस प्राथमिकी में कुख्यात गुड्डू यादव और रघुनंदन यादव समेत गिरोह के कुल 19 सदस्यों को नामजद किया गया है।

एजेंसियों के अनुसार, आरोपितों पर पिछले 15 से 16 वर्षों के दौरान संगठित अपराध, रंगदारी और गैरकानूनी गतिविधियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध चल-अचल संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है।

25 ठिकानों पर हुई थी रेड, 5 पहले ही जा चुके हैं जेल

अदालत से विधिवत तलाशी वारंट (सर्च वारंट) प्राप्त करने के बाद बीते 28 जुलाई को बिहार एसटीएफ, जमुई पुलिस और शेखपुरा पुलिस की संयुक्त विशेष टीमों ने गिरोह से जुड़े 25 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। उस बड़े अभियान के दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज, आपत्तिजनक सामान और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *