जिले में बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर टूटी है। लगातार वर्षा के चलते जर्जर और कच्चे मकान ढहने लगे हैं, जिससे कई इलाकों में बड़ा हादसा होते-होते बचा। सोमवार को बिलसंडा, बीसलपुर, सेहरामऊ उत्तरी और माला क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर मकान गिरने और पेड़ उखड़ने से हड़कंप मच गया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, बिलसंडा क्षेत्र के नगरिया तुलागिर गांव में तेज बारिश के कारण रामनिवास का कच्चा मकान ढह गया।
इस घटना में घर के बच्चे और अन्य सदस्य मलबे में फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू किया गया। बीसलपुर के ग्राम दुवहा में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां प्रेम कुमार के घर की खपरैल गिर गई। गनीमत रही कि परिजनों को वक्त रहते निकाल लिया गया।
बारिश के कारण कई मुख्य मार्गों पर विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित परिवारों ने मुआवजे की मांग की है, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने के लिए गांवों में पहुंच रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

