तिगरी गंगा मेला: इस बार रिकॉर्ड तोड़ बोली! 52 लाख में बिकीं दुकानें, टेंट सिटी और पार्किंग के भी ठेके तय

1318 Shares

तिगरी गंगा मेला की तैयारियां रफ्तार पकड़ रही हैं। कामों के ठेका निकाला जा रहा है। बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित पेंशनर्स कक्ष में जिला पंचायत द्वारा मेला में लगने वाली छोटी-बड़ी दुकानों, खेल-तमाशों की नीलामी के लिए खुली बोली लगाई गई। इसमें 31.20 लाख में खेल तमाशे व 52 लाख रुपये में दुकानों की नीलामी छूटी।

इसके अलावा टेंट सिटी व पार्किंग की नीलामी का भी ठेका बोली के जरिए हुआ। पिछले साल से हर काम के लिए इस बार अधिक बोली लगी। नियमानुसार प्रकि्रया के बाद अब जिला पंचायत द्वारा ठेकेदार का चयन कर लिया गया है।हर साल की तरह इस बार भी तिगरी गंगा मेला की तैयारियां प्रशासन के द्वारा की जा रही हैं। मेला स्थल के लिए जमीन के चिन्हीकरण और खाली कराने की कार्रवाई चल रही है।

मेला को सजाने और संवारने के लिए 5.50 करोड़ रुपया प्रशासन को मिल चुका है जबकि, 2.50 करोड़ रुपया अभी मिलना बाकी है। हर विभाग ने मेला स्थल पर कार्यों को कराने का टेंडर निकाल दिया है।

बुधवार को जिला पंचायत के जरिए कलक्ट्रेट में खुली बोली का आयोजन कर दुकानों, खेल तमाशों, पार्किंग व टेंट सिटी का ठेका किया गया। इस प्रकि्रया में डिप्टी कलेक्टर रविंद्र कुमार, एएमए राकेश कुमार यादव व अन्य अधिकारी शामिल रहे।

एएमए ने बताया कि पिछले साल मेला में लगने वाली छोटी-बड़ी दुकानों का ठेका 35 लाख रुपये में हुआ था लेकिन, इस बार 17 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। 52 लाख रुपये में दुकानों को नीलाम किया गया है।

खेल तमाशे की दुकानें पिछले साल 27 लाख में नीलाम हुई थीं। अबकी बार उसमें 4.20 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। 31.20 लाख रुपये में ठेका किया गया है।

अस्थायी पार्किंग का ठेका गत वर्ष 25 हजार में हुआ था। अबकी बार पांच हजार की बोली अधिक लगी है। 30 हजार रुपये में ठेका हुआ है। तीनों ठेका जगपाल को मिले हैं।

तिगरी में टेंट सिटी का ठेका पिछली बार 51 हजार रुपये में हुआ था परन्तु अबकी बार 70 हजार रुपये में नीलाम हुआ है। इसके लिए शिवम गुप्ता ने सबसे अधिक बोली लगाई। उनके नाम ही नीलामी छूटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *