हिमाचल विधानसभा: रोजगार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे CM सुक्खू, 6 अहम संशोधन विधेयक होंगे पेश

1001 Shares

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बेरोजगारी पर चर्चा में विपक्ष के लगाए आरोपों का मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू मंगलवार को जवाब देंगे। सोमवार को चर्चा में भाजपा विधायकों ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों, एक लाख युवाओं को रोजगार देने के वादे और आउटसोर्स भर्ती को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे। भाजपा का कहना है कि सरकार ने 23 हजार नौकरियां देने का आंकड़ा जरूर बताया है, लेकिन इनमें आउटसोर्स कर्मचारियों की संख्या अधिक है। मंगलवार को भी इस पर चर्चा जारी रहेगी।

छह अहम संशोधन विधेयक पेश होंगे

राज्य सरकार मंगलवार को छह संशोधन विधेयक सदन पटल पर रखेगी। इनमें से तीन विधेयक मुख्यमंत्री सुक्खू, जबकि अन्य तीन स्वास्थ्य, राजस्व और पंचायती राज मंत्री पेश करेंगे। मुख्यमंत्री राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026, हिमाचल प्रदेश माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026 और शिमला की सड़कों का उपयोग करने वालों तथा पैदल चलने वालों के लिए (लोक सुरक्षा और सुविधा) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री युद्ध पुरस्कार (संशोधन) विधेयक, राजस्व मंत्री भारतीय स्टाम्प (हिमाचल प्रदेश द्वितीय संशोधन) विधेयक और पंचायती राज मंत्री पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक पेश करेंगे।

परवाणू में वर्षा से क्षति और कमरऊ खदान हादसे के मामले उठेंगे

सदन में प्रदेश से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा होगी। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधायक हाल ही में घटी गंभीर घटनाओं की ओर सरकार और सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे। इनमें सोलन जिले के परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा से नुकसान का मामला विधायक विनोद सुल्तानपुरी उठाएंगे। विधायक बिक्रम सिंह 18 अगस्त, 2026 को बागनधार, कमरऊ में खदान में तीन मजदूरों के मलबे में दबने से उत्पन्न गंभीर स्थिति की ओर सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *