अब ट्रेनों के पहिए नहीं रुकेंगे! ट्रैक पर शव मिलने पर पुलिस का इंतज़ार किए बिना RPF की मौजूदगी में हटा सकेंगे रेलकर्मी
रेलवे ट्रैक पर किसी व्यक्ति के रनओवर होने के बाद शव हटाने में होने वाली देरी अब यात्रियों के सफर पर भारी नहीं पड़ेगी। रांची रेल मंडल में कई मामलों में शव तीन से चार घंटे या उससे अधिक समय तक ट्रैक पर पड़े रहने से यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हो रहा था।
सूचना मिलते ही शुरू होगी कार्रवाई
घटना स्टेशन सीमा में होने पर लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन गार्ड, गैंगमैन या किसी अन्य रेलकर्मी को तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना देनी होगी।
स्टेशन मास्टर आपरेटिंग कंट्रोल, आरपीएफ और संबंधित जीआरपी या स्थानीय पुलिस को जानकारी देगा। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट का प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी बिना विलंब मौके पर पहुंचेंगे और जीआरपी/पुलिस के साथ समन्वय करेंगे।
पुलिस के आने में देर तो ट्रैक होगा खाली
मौके पर पहुंचने के बाद जीआरपी/पुलिस के आने के लिए कुछ समय प्रतीक्षा की जाएगी। लेकिन यदि उनके पहुंचने में विलंब होता है और शव के कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित है, तो सहायक लोको पायलट, ट्रेन गार्ड, गैंगमैन या मौके पर मौजूद अन्य रेलकर्मी आरपीएफ की मौजूदगी में शव को ट्रैक के किनारे कर सकेंगे। शव को केवल उतना ही हटाया जाएगा, जितना ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक हो।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

