सिंगरौली: शंकर मार्केट में ATM से पैसे निकालने की कोशिश, लेकिन कैश ले जाने में नाकाम रहे बदमाश

1447 Shares

सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत शंकर मार्केट में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक ATM मशीन को निशाना बनाते हुए उसमें चोरी करने का प्रयास का मामला सामने आया है। हालांकि बदमाश ATM से कैश निकालने में सफल नहीं हो सके। शनिवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शंकर मार्केट स्थित ATM में अज्ञात चोरों ने रात करीब 2:30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाशों ने ATM मशीन में मौजूद नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद वे कैश निकालने में कामयाब नहीं हो सके।

ATM में करीब 25 हजार रुपये था कैश

ATM संचालक के अनुसार घटना के समय मशीन में बड़ी मात्रा में नकदी मौजूद नहीं थी। बताया गया कि ATM में करीब 25 हजार रुपये कैश बचा हुआ था। बदमाशों ने इसी रकम को निकालने का प्रयास किया उन्हें सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी ATM संचालक को शनिवार सुबह हुई। सूत्र बताते हैं कि संचालक को एटीएम एरर का मैसेज भी आया था। इसके बाद संचालक और आसपास के लोगों ने मामले की शिकायत लेकर जयंत चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही जयंत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ATM का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विंध्यनगर थाना प्रभारी डीएसपी अर्चना द्विवेदी भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिसिया सूत्रों ने बताया कि एटीएम में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की गई है बल्कि शायद एटीएम से कैश निकलने का असफल प्रयास किया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच किए जाने की संभावना है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर शंकर मार्केट के ATM को निशाना बनाने वाले अज्ञात बदमाश कौन थे और वे वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से मिलने वाले सुराग इस ATM लूट प्रयास के आरोपियों तक पहुंचने में अहम साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *