अवैध कोयला खनन, चोरी और परिवहन पर CISF की नजर, सूचना के लिए WhatsApp हेल्पलाइन जारी
सिंगरौली। कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से CISF यूनिट NCL सिंगरौली ने जनसहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत स्थानीय नागरिकों से अवैध गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए CISF WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9425370760 जारी किया गया है।
वरिष्ठ कमांडेंट खिल्लारे एस.पी. के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य कोयला क्षेत्रों में होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी सुरक्षा बलों तक तत्काल पहुंचाना है। CISF की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें अवैध कोयला खनन, चोरी, परिवहन अथवा अवैध भंडारण से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना WhatsApp हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है।
फोटो-वीडियो के साथ भेज सकेंगे सूचना
CISF के अनुसार, नागरिक 9425370760 नंबर पर WhatsApp के जरिए फोटो, वीडियो, घटनास्थल का स्थान और अन्य उपलब्ध जानकारी साझा कर सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
CISF अधिकारियों के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। ऐसे में स्थानीय नागरिक बिना किसी संकोच के अवैध कोयला गतिविधियों से संबंधित जानकारी सुरक्षा बलों तक पहुंचा सकते हैं।
CISF यूनिट NCL सिंगरौली द्वारा वरिष्ठ कमांडेंट खिल्लारे एस.पी. के निर्देशन में खुफिया सूचना के आधार पर अभियान, नियमित गश्त और आकस्मिक छापेमारी जैसी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही MMDR Act, 1957 के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।
CISF का मानना है कि कोयला चोरी और अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
CISF ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, परिवहनकर्ताओं और NCL कर्मियों से अपील की है कि यदि उन्हें कोयला चोरी, अवैध खनन, अवैध परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई गतिविधि नजर आती है तो तत्काल WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9425370760 पर सूचना साझा करें।
CISF के अनुसार, आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से कोयला संपदा की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा राष्ट्र की महत्वपूर्ण संपत्ति की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

