शिवपुरी: नरवर किले से तोप चोरी में अभी भी खाली हाथ पुलिस, राजस्थान के बीहड़ों में मेटल डिटेक्टर से खोज जारी
मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से चोरी हुई करीब 400 साल पुरानी 3.5 टन वजनी अष्टधातु की तोप को बरामद करने में पुलिस अब तक खाली हाथ है। सामाजिक प्रतिष्ठा और ऐतिहासिक धरोहर से जुड़े इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के करौली जिले के बीहड़ों में भी तलाश शुरू कर दी है।
अब चोरी का नहीं प्रतिष्ठा का मामला
नरवर किले से गायब हुई यह विशाल तोप अब महज चोरी का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर और सामाजिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। पुलिस को आशंका है कि तोप को चोरी करने के बाद राजस्थान के बीहड़ क्षेत्र में छिपाया गया है।
इसी आधार पर शिवपुरी पुलिस की टीम राजस्थान पुलिस के सहयोग से करौली जिले के गांवड़ा मीणा गांव के आसपास तलाश कर रही है।
30 से ज्यादा बदमाशों ने रात में चुराई थी तोप
पुलिस के अनुसार 14-15 जुलाई की रात चार पहिया वाहनों से आए 30 से अधिक बदमाश नरवर किले के पिछले रास्ते से भारी-भरकम तोप को निकालकर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सर्विलांस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मामले में अमन मीणा और टिम्मू उर्फ मीणा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, लेकिन उनसे तोप का ठोस सुराग नहीं मिल सका।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

