Himachal Weather 7th September: हिमाचल में कब से तेवर दिखाएगा मानसून? मौसम विशेषज्ञों का आया ताजा अपडेट

8.3kViews
1816 Shares

 हिमाचल प्रदेश में अगले 4 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ या केवल छिटपुट हल्की वर्षा होगी। इस दौरान किसी भी प्रकार की भारी वर्षा की की चेतावनी जारी नहीं की गई है। जबकि 11 और 12 सितंबर को एक बार फिर मानसूनी गतिविधियों में थोड़ा इजाफा हो सकता है, जिससे मैदानी व मध्य-पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी।

पिछले कई सप्ताह से भारी वर्षा के कारण हो रहे लगातार नुकसान के बीच रविवार को नाहन में 21.5 मिलीमीटर जबकि शिमला और कल्पा में हल्की वर्षा हुई है।

तापमान में वृद्धि दर्ज
वर्षा, धूप और बादलों के बीच दिन के तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि शिमला में 4.2 डिग्री की वृद्धि के साथ 25 डिग्री दर्ज किया गया। कल्पा में 3.6 डिग्री, सुंदरनगर में 2.4 डिग्री की वृद्धि हुई है, जबकि कांगड़ा में 2.4 डिग्री की गिरावट आई है।

सड़क बहाली कार्य तेज

वर्षा कम होने के बाद सड़कों को खोलने का काम तेजी से जारी है। जहां रविवार सुबह तक 93 सड़कें बंद थीं, वहीं शाम 5 बजे तक इनकी संख्या घटकर 78 रह गई। बंद सड़कों में कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल नहीं है। सबसे ज्यादा 36 सड़कें मंडी जिले में और 22 सड़कें कुल्लू जिले में प्रभावित हैं। राज्य भर में 12 ट्रांसफार्मर खराब हैं और 8 पेयजल योजनाएं बंद हैं।

274 लोगों ने गंवाई जान

30 जून से 6 सितंबर तक इस मानसून सीजन में कुल 110 लोगों ने जान गंवाई है। जिसमें भूस्खलन से 18, डूबने से 13 जबकि बाकी अन्य कारणों से हुई है।इसके अलावा सड़क हादसों में 164 लोगों की जान गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।प्रदेश को अब तक 1,242.73 करोड़ रुपये से अधिक का सरकारी व निजी संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

पहाड़ों में रातें ठंडी, दिन में धूप

केलांग में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया,जो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। जबकि अधिकतम तापमपन 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कल्पा में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा।

बीते चौबीस घंटों में कहां कितनी वर्षा

बीते चौबीस घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, लेकिन भारी वर्षा की तीव्रता काफी घट गई है।बीते चौबीस घंटों में सिरमौर जिले के नाहन में सर्वाधिक 53.6 मिलीमीटर, श्री नैना देवी जी में 46.2, जोगिंदरनगर में 39, सराहन में 30, और धौलाकुआं में 26.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *