फिरोजाबाद: 50 साल पुराना शास्त्री मार्केट, रहेगा या गिरेगा; थर्ड पार्टी जांच में होगा साफ

8.3kViews
1387 Shares

शहर में सदर बाजार स्थित मुख्य बाजार शास्त्री मार्केट के भवन की नगर निगम प्रशासन द्वारा थर्ड पार्टी के माध्यम से जांच कराने कराई जाएगी, जिससे मार्केट में बनी दुकानों की मजबूती का सही आंकलन किया जा सके। इसके बाद ही मार्केट की मरम्मत अथवा गिराने का निर्णय लिया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन द्वारा पांच दशक पूर्व दो मंजिला शास्त्री मार्केट का निर्माण कराया गया था। इसमें भूतल, प्रथम और द्वितीय तल पर 250 से अधिक दुकानें हैं। पूरे शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में लोग इसी मार्केट में खरीदारी करने आते हैं।पांच दशक पुराने मार्केट में नियमित देखभाल और मरम्मत न होने के कारण अधिकांश दुकानों की छतों, दीवारों, बरामदों और सीढ़ियों से आए दिन प्लास्टर गिरता रहता है। आंधी, वर्षा के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बना रहती है।

नगर निगम प्रशासन इस मार्केट को तोड़कर नया मार्केट बनाने के लिए तैयार है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। नगर आयुक्त प्रशांत नागर के प्रस्ताव के बाद भी इसके लिए कोई व्यापारी तैयार नहीं है।

इधर यह मामला शासन स्तर पहुंचने के बाद मार्केट के हालात की रिपोर्ट तलब की गई है। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह का कहा है कि शास्त्री मार्केट की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। साथ ही किसी हादसे की आशंका को देखते हुए वर्षों पुराने मार्केट की थर्ड पार्टी से जल्द जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *