मध्य केन्या के साम्बुरु काउंटी में बुधवार को पर्यटकों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में इक्वाडोर के राष्ट्रीय खुफिया केंद्र के प्रमुख मिशेल सेन्सी-कोंटुगी, उनकी पत्नी और पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई।
अंधेरा होने से राहत बचाव कार्य में देरी
केन्या रेड क्रॉस द्वारा दोपहर में X पर शेयर की गई तस्वीरों में दुर्घटनास्थल आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा था। रेड क्रॉस ने कहा कि दुर्गम भूभाग के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।
विमान दुर्घटना जांच विभाग (एएआईडी) के निदेशक फ्रेडरिक काबुंगे के अनुसार, हेलीकॉप्टर में एक पायलट और छह यात्री सवार थे, जिसमें कोई भी जीवित नहीं बचा है।
साम्बुरु काउंटी के पुलिस प्रमुख डेविड नकोरोई ने कहा, “अंधेरा होने और दुर्घटनास्थल की जटिल परिस्थितियों के कारण कल तक अभियान स्थगित कर दिया गया है।”
पांच अमेरिकी नागरिक की मौत
अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस दुर्घटना में पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई, लेकिन उन्होंने उनकी पहचान नहीं बताई। हालांकि, स्पेनिश भाषा के प्रसारक टेलीमुंडो ने घोषणा की कि फ्लोरिडा में उसके एक वरिष्ठ प्रबंधक, जोस अल्बर्टो सुआरेज़ की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई है।
इक्वाडोर के परिवहन मंत्री रॉबर्टो लुक ने कहा कि खुफिया प्रमुख मिशेल सेन्सी-कोंटुगी और उनकी पत्नी मृतकों में शामिल थे। लुके ने X पर लिखा, “आज मिशेल और स्टेफनी हमें बहुत जल्द छोड़कर चले गए। उनके परिवार, खासकर उनके बच्चों और माता-पिता के बारे में सोच रहा हूं।
क्यों फेमस है यह जगह?
गौरतलब है कि उत्तरी केन्या में बेहद खूबसूरत और लोकप्रिय जगह सांबुरू स्थित है। यहां एक पर्वत है, जिसकी चोटी समुद्र तल से दो हजार मीटर यानी 6560 फीट है। यह जगह हाइकिंग के लिए फेमस जगह है। यहां कंपनियां पर्यटकों को हेलिकॉप्टर से ऊपर से नजारे दिखातीं हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

