कुरुक्षेत्र में भीषण हादसा, ट्रैक्टर से टक्कर के बाद खेत में जाकर गिरी बस; 25 लोग गंभीर रूप से घायल

6.8kViews
1724 Shares

पिहोवा-अंबाला मार्ग पर टिकरी गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस और ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी।

दुर्घटना में बस में सवार करीब 15 से 20 यात्रियों समेत ट्रैक्टर-ट्राली के चालक को चोटें आई हैं। हादसे में दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

बस चालक को निकालने में लगा करीब एक घंटा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे की मेहनत से बस चालक को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला जा सका। इसी तरह ट्रैक्टर-ट्राली का चालक भी हादसे में घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में सभी घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया।

सड़क पार कर रही थी ईंटों से लदी ट्रॉली

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिहोवा की ओर से ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। टिकरी गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली एक गांव की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रही थी।

इसी दौरान सामने से अंबाला की ओर से तेज गति से आ रही प्राइवेट बस ने ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ईंटें सड़क पर बिखर गईं और बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। दुर्घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

यात्रियों ने लगाए तेज रफ्तार के आरोप

हादसे में घायल कुछ यात्रियों ने बस चालक पर तेज गति से बस चलाने का आरोप लगाया। यात्रियों के मुताबिक बरसात के कारण सड़क पर फिसलन थी और उन्होंने चालक को कई बार बस की गति कम करने के लिए कहा था। इसके बावजूद बस की रफ्तार कम नहीं की गई।

यात्रियों का आरोप है कि तेज गति के कारण ही बस ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराई। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वाहन में करीब 15 से 20 लोग सवार थे और हादसे के बाद अधिकांश यात्रियों को चोटें आईं। घायलों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

सड़क पर बिखरी ईंटों को लोगों ने हटाया

हादसे के बाद सड़क पर बड़ी संख्या में ईंटें बिखर गईं, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सड़क पर बिखरी ईंटों को उठाकर एक तरफ करना शुरू कर दिया, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके। बाद में मौके पर जेसीबी मशीन भी बुलाई गई और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने तथा रास्ता साफ करने का काम किया गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हादसे के वास्तविक कारणों और बस की गति को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *