सुपौल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर DM सावन कुमार ने दी तिरंगे को सलामी; गिनाईं जिले की उपलब्धियां, बांटे प्रशस्ति पत्र
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को सुपौल जिले में देशभक्ति, उमंग और अपार उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य राजकीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने विधिवत झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान के साथ उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे के प्रति अगाध सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आरएस ने खुली जिप में सवार होकर परेड का मुआयना किया। जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ आकर्षक परेड प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
जिले के विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता: डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सुपौल हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर समयबद्ध तरीके से उतारा जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी व हस्तियां हुईं सम्मानित
मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, पारदर्शी और सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों और नागरिकों को मंच से प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समारोह में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, जिले के वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
प्रखंडों और संस्थानों में भी शान से लहराया तिरंगा
जिला मुख्यालय से लेकर सभी प्रखंडों, थानों, पंचायतों और सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में संस्थान प्रमुखों ने राष्ट्रध्वज फहराया। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

