खुटार वन रेंज के कजरी निरंजनपुर गोशाला में बछडे का शिकार करने वाला तेंदुआ 12 दिन बाद पिंजरे में कैद हो गया। वनकर्मी उसे वन रेंज कार्यालय मैलानी लेकर चले गए।
कजरी निरंजनपुर गांव के आस-पास आये दिन तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही थी। जिस वजह से लोगों में दहशत थी। खेत पर अकेले जाने से भी लोग बच रहे थे।
एक अगस्त को तेंदुआ दीवार कूदकर गोशाला के अंदर पहुंच गया था। वहां बछड़े को निवाला बना लिया था। ग्रामीण व हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के अधिकारियों से जल्द तेंदुआ पकड़वाने की मांग की थी।
वन विभाग की ओर से करीब एक सप्ताह पूर्व गोशाला की दीवार से सटाकर पिंजरा रखा गया था और उसके अंदर बकरी को बांध दिया गया था। बुधवार को जैसे ही तेंदुआ बकरी का शिकार करने पहुंचा तो वह पिंजरे में कैद हो गया।
वनकर्मी खुटार वन रेंज कार्यालय मैलानी लेकर चले गए। रेंजर दिनेश बडोला ने बताया कि अधिकारियों के आदेश के बाद ही तेंदुआ को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

