हिमाचल में आफत की बारिश: भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त सड़क से खाई में लुढ़का सामान से लदा ट्रक

7.7kViews
1736 Shares

 हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 100 से ज्यादा सड़कें बाधित हैं। सिरमौर जिले में गत दिवस हुई भारी बारिश से नुकसान हुआ है। जिला सिरमौर में नाहन से श्री रेणुकाजी मार्ग पर बाबा बड़ोलिया के नजदीक चढ़ाई पर चल रहा सामान से लदा ट्रक चिकनी मिट्टी पर स्किड होकर सड़क से खाई की तरफ पलट गया।

हादसे में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है, गनीमत रही कि चालक और परिचालक सुरक्षित नीचे उतर गए थे। ट्रक सामान से लदा हुआ था, जो चढ़ाई पर अनियंत्रित हो गया।

भूस्खलन से क्षतिग्रस्त थी सड़क

दुर्घटनास्थल पर भूस्खलन के कारण सड़क पर चिकनी मिट्टी बिछी हुई थी, जिस पर ट्रक के टायर फिसल गए। चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पीछे मुड़ने लगा। चालक ने तुरंत स्थिति को समझते हुए कूद जाने में ही समझदारी समझी। जिस कारण चालक व परिचालक दोनों को चोटें नहीं आईं।

सुरक्षित नहीं पहाड़ों की सड़कें

हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें सुरक्षित नहीं रही हैं। गत दिनों लाहुल से पांगी की ओर जा रही गाड़ी पर पहाड़ दरक गया था, जिसमें 13 लोगों की जान चली गई थी।

बारिश और भूस्खलन से 129 सड़कें बंद

प्रदेशभर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 129 सड़कों पर यातायात बाधित है। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 60 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुल्लू में 42 और शिमला में 10 सड़कें बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *