छपरा की बदलेगी तस्वीर: मांझी तक बनेगा मरीन ड्राइव, जेपी के गांव को मिलेगा स्थायी पुल; CM ने की सौगातों की बौछार

2.3kViews

 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) ने गुरुवार को मांझी के ऐतिहासिक रामघाट के अनावरण के अवसर पर कहा कि यह धरती धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने इसी सरयू नदी में स्नान किया था। ऐसे पवित्र स्थल पर घाट का उद्घाटन करना उनके लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व (Chhath Puja 2026) से पहले रामघाट को श्रद्धालुओं के लिए विकसित किया गया है। यहां छठी मइया का आशीर्वाद लेने के लिए वे दोबारा भी आएंगे।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मांझी विधायक रणधीर सिंह के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भगवान विष्णु और शिव से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस दौरान उन्होंने दलन सिंह आदर्श उच्च विद्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के विकसित भारत और नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। अब बिहार के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन शिक्षक व्यवस्था के माध्यम से भी विद्यार्थियों को पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है और जब रात्रि में कितने बच्चे ऑनलाइन पढ़ रहे हैं उनका सर्वे किया गया तो डेढ़ लाख से ज्यादा छात्र रात के एक बजे के बाद पढ़ते हुए पाये गए।

उन्होंने कहा कि सरकार सेवा, संकल्प और कायाकल्प के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था बेहतर बनाने में जुटी है। राज्य में हाजारों करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम हो रहा है। गरीबों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में 24 लाख कार्ड बांटे गए हैं और एक करोड़ कार्ड का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में 22 से 23 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ लोगो को मिल रहा है, वहीं अब गरीब परिवारों के घरों पर सोलर 1.1 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने की योजना भी सरकार आगे बढ़ा रही है ताकि अगले 25 वर्षों तक बिजली की समस्या नही हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। आने वाले दिनों में नई चीनी मिलें शुरू की जाएंगी। सारण में जेपी के गांव को पीपा पुल के बजाय स्थायी पुल से जोड़ने की दिशा में काम होगा। राघोपुर से आमी होते हुए मांझी तक मरीन ड्राइव की योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

सरयू नदी में डूबने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने यहां एसडीआरएफ की टीम तैनात करने की घोषणा की। बाढ़ से प्रभावित तरैया, सोनपुर सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क, बांध और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। खेतों में जमा बालू और गाद की समस्या के समाधान के लिए भी सहायता देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि यह अंतिम कार्यक्रम नहीं है, सरकार विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार सारण आते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *