प्रदूषण के स्तर में लगातार दूसरे दिनम मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसका असर लोगों की सेहत पर अब भी साफ दिखाई दे रहा है। खासकर आंखों पर प्रदूषण का प्रभाव बढ़ रहा है।
स्मॉग के चलते आंखों में जलन, खुजली, पानी आने और लालिमा की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सिविल अस्पताल की नेत्र ओपीडी में सामान्य दिनों के मुकाबले ऐसे मरीज चार गुना तक बढ़ गए हैं। वहीं, सांस लेने में तकलीफ महसूस करने वाले लोग भी रोजाना इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं।
दीवाली के बाद से प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी ऐसे मरीजों की रोजाना रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, जिन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है।
नेत्र ओपीडी में आंखों की शिकायत वाले मरीज बढ़े
प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर आंखों पर देखने को मिल रहा है। सिविल अस्पताल की नेत्र ओपीडी में सामान्य दिनों में करीब 200 मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। इनमें 15 से 20 मरीजों को आंखों में जलन, खुजली, पानी आने और लाल होने जैसी शिकायतें रहती हैं। लेकिन इन दिनों यह संख्या बढ़कर 70 से 80 तक पहुंच गई है।
यानी ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में करीब 35 से 40 प्रतिशत आंखों की इन समस्याओं से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार स्माग और प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से आंखों में एलर्जी और जलन की समस्या बढ़ रही है।
खासकर घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। अस्पताल में ऐसे मरीजों को एंटी एलर्जिक और जरूरत के अनुसार अन्य दवाएं दी जा रही हैं।
सड़कों पर पानी का छिड़काव, एंटी स्माग गन का भी इस्तेमाल
दूसरी तरफ प्रदूषण कम करने के लिए नगर परिषद की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा ने बताया कि धूल को नियंत्रित करने के लिए एंटी स्माग गन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़कों पर पानी का छिड़काव कर उड़ती धूल को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

