भीषण उमस के मौसम में घंटों की अघोषित बिजली कटौती के आगे लोगों का सब्र जवाब दे गया। तंग आकर एक महिला छत पर चढ़ गई और उसने ऊपर से गुजरती हाईटेंशन लाइन पकड़ ली। पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से उसे नीचे उतारा। मामले का वीडियो वायरल हो रहा है।
मुरसान में बिजली संकट से नाराज नगला लच्छी के ग्रामीणों ने बुधवार देर रात कोटा विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया। ग्रामीणों के विरोध के चलते कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसी दौरान नगला लच्छी निवासी पूनम घर की छत पर चढ़ गईं और हाईटेंशन लाइन का तार पकड़कर विरोध करने लगीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को तार से अलग कराया।
जेई विकास कुमार ने बताया कि तेज हवा में बिजली का पोल टूटने के बाद उसे लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों ने लाइन हटाने की मांग करते हुए काम रुकवा दिया। विरोध के कारण नगला लच्छी समेत आसपास के क्षेत्रों में करीब 36 घंटे बिजली बाधित रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

