सूर्योपासना का महापर्व छठ मनाने के लिए के लिए लोगों की बडी संख्या में घर वापसी हो रही है। आजीविका के सिलसिले में महानगरों में रहने वाले पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार व झारखंड प्रांत के लोग ट्रेन के माध्यम से अपने अपने घरों को जा रहे हैं। इसके चलते पूरब की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड रही है।रेलखंड से बिहार होकर हावड़ा जाने वाली डाउन पंजाब मेल, पुरी जाने वाली डाउन नीलांचल एक्सप्रेस, पटना जाने वाली डाउन अर्चना एक्सप्रेस, डाउन सारनाथ एक्सप्रेस, काशी दादर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में इन दिनों भारी भीड़ देखी जा रही है।
हाल यह है कि ट्रेनों में 13 नवंबर तक सारी सीटें से पहले से बुक हो चुकी हैं। ऐसे में अधिकतर लोग जनरल टिकट पर यात्रा करने के लिए विवश हो रहे हैं। कुछ लोग वाराणसी जाकर दूसरी ट्रेन पकड रहे हैं तो कुछ दुर्ग से छपरा जाने वाली ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।
बुधवार को एलटीटी मुंबई से गोरखपुर जाने वाली 15017 डाउन काशी दादर में सवार होना टेढ़ी खीर बन गया था। एसी, स्लीपर के साथ जनरल कोच में लोग दरवाजे व पायदान पर बैठकर यात्रा करते देखे गए। इसके अलावा दुर्ग से छपरा जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस और पंजाब मेल भी यात्रियों ठसाठस भरी रही।
स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह का कहना है कि इन दिनों 70 प्रतिशत टिकट बिहार जाने वाली ट्रेनों के बिक रहे हैं। बताया कि 90 प्रतिशत लोग दीपावली से पहले घर लौट जाते हैं जबकि बचे खुचे 10 प्रतिशत दीपावली के बाद रवाना होते हैं। उधर 16 नवंबर को पर्व सम्पन्न होने के बाद लोगों की महानगरों को रवानगी भी शुरू हो जाएगी। यानी 17 नवंबर के बाद अप गाड़ियों में भी भीड़ बढेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

