स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली करवाया; शुरू हुई सघन जांच
स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करवा दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग् स्क्वायड ने परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस ने न्यायालय भवन के अंदर मौजूद लोगों के साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी खाली कराया। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर के अलग-अलग हिस्सों, कमरों और आसपास के स्थानों की जांच की। वहीं श्वान दल की मदद से भी संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों की पड़ताल की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पहले ही पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ऐसे में अदालत परिसर को धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
दोपहर एक बजे तक न्यायालय का कामकाज बंद
धमकी के बाद न्यायालय की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक बंद रखी गई है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद परिस्थितियों का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद ही न्यायालय का कामकाज दोबारा शुरू करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। परिसर में तैनात पुलिसकर्मी आने-जाने वाले रास्तों पर भी नजर रख रहे हैं।
इस साल तीसरी बार मिली धमकी
गौरतलब है कि फिरोजपुर जिला अदालत को इस वर्ष बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से धमकी किस माध्यम से और कहां से भेजी गई, इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

