दिल्ली विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कक्षा 9 की 200 छात्राओं को साइकिल भेंट की। यह साइकिल विद्या वाहिनी योजना के तहत बांटी जा रही है।
दिल्ली सरकार ने इस योजना को छात्राओं की पढ़ाई पर जोर देने के विचार के साथ लांच किया है। इस साल, दिल्ली भर में 9वीं कक्षा की 1.40 लाख लड़कियों को इस योजना के तहत साइकिलें मिलेंगी।
युवा छात्राओं को मिलेगी आजादी
दिल्ली सरकार का दावा है कि इस योजना का मकसद लड़कियों की शिक्षा में आने वाली रोजमर्रा की रुकावटों को दूर करना, स्कूलों तक उनकी पहुंच बेहतर बनाना और युवा छात्राओं को ज्यादा आत्मविश्वास और आजादी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है। दिल्ली सरकार का दावा है कि इससे दिल्ली की हर बेटी की शिक्षा, आने-जाने की सुविधा और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मज़बूत होगी।
अब तक 3000 छात्राएं हुईं लाभान्वित
इस संबंध में सीएम रेखा गुप्ता के आधिकारिक एक्स अकाउंट में जानकारी देते हुए बताया गया कि ‘विद्या वाहिनी’ परिवार में आज 200 और बेटियां जुड़ गईं हैं। विधानसभा परिसर में उन्हें उनकी साइकिलें सौंपी गई। अब तक 3,000 से अधिक बेटियों तक निःशुल्क साइकिल पहुंच चुकी है और सरकार का संकल्प है कि सरकारी विद्यालयों की कक्षा 9 में पढ़ने वाली 1.40 लाख से अधिक बेटियों तक यह सुविधा पहुंचे।
बोलीं-महादेव की कृपा बेटियों पर बनी रहे
सीएम की ओर से पोस्ट में कहा गया, ‘हमारा प्रयास है कि दिल्ली की किसी भी बेटी की पढ़ाई दूरी या आवाजाही की कठिनाई के कारण प्रभावित न हो। उसका स्कूल जाना आसान हो, परिवार की चिंता कम हो और वह पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई पूरी कर अपने सपनों की ओर बढ़ सके। भगवान शिव की कृपा सभी बेटियों पर सदैव बनी रहे। महादेव उन्हें शक्ति, साहस और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दें।’

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

