राम-जानकी मार्ग पर डुहिया पुल और सिरसी गांव के बीच सोमवार की सुबह करीब 10:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के जिगना गांव निवासी 50 वर्षीय रामचंद्र पुत्र संत प्रसाद बाइक से राम-जानकी मार्ग होते हुए लोहरैया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अपाचे बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हैंसर बाजार पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे बाइक सवार धनघटा थाना क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी 18 वर्षीय रामजाने पुत्र नंदू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

