प्रयागराज के नीवां में नया उपकेंद्र, 50 हजार लोगों को मिलेगी बिजली संकट से मुक्ति

1177 Shares

शहर पश्चिमी के नीवां और उसके आसपास के मुहल्लों में रहने वाले लोगों को बिजली संकट से बड़ी राहत मिलेगी। यहां बनने वाला उपकेंद्र तैयार हो गया है। रविवार को नई लाइन को ऊर्जीकृत करने के बाद सप्ताह भर के भीतर यहां से आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। इस नये उपकेंद्र के चालू होने से कानपुर रोड व केंद्रांचल उपकेंद्र का लोड कम हो जाएगा, जिससे करीब 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

कानपुर रोड व केंद्रांचल उपकेंद्र से करीब चार दर्जन से मुहल्लों में बिजली आपूर्ति की जाती है। यहां के लगभग सभी फीडर ओवरलोड रहते हैं। जिस कारण बिजली ट्रिपिंग, लाइनों में गड़बड़ी और लो वोल्टेज की समस्या अक्सर उत्पन्न होती रहती थी। इसी को देखते हुए नीवां में नये उपकेंद्र का प्रस्ताव बनाकर दो वर्ष पहले भेजा गया था।अब यहां का निर्माण पूरा हो गया है। सभी सिस्टम लगा दिए गए हैं। नई लाइन भी बिछ गई है। रविवार को इस नई लाइन काे ऊर्जीकृत किया जाना है। इसके बाद यहां अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती कर सप्ताह भर के भीतर इस नये उपकेंद्र को चालू कर दिया जाएगा।इसमें कानपुर रोड व केंद्रांचल उपकेंद्र के दस-दस मुहल्लों में जोड़ा जाएगा। हालांकि, इस नये उपकेंद्र के एसडीओ वीरेंद्र कुमार ही रहेंगे, जबकि अवर अभियंता की नई तैनाती होगी।निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने बताया कि बमरौली क्षेत्र में एनसीआर अंडरपास 33 केवी लाइन क्रासिंग करने का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था। नई लाइन के ऊर्जाकरण का कार्य 19 जुलाई यानी रविवार को किया जाएगा। जिस कारण कानपुर रोड व केंद्रांचल उपकेंद्र की 33 केवी लाइन का शटडाउन सुबह 11 से दोपहर 12:30 बजे तक लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *