अंबाला के शाहाबाद रेलवे ट्रैक पर मिले शवों की हुई पहचान, अंबाला के रहने वाले थे युवक-युवती
शाहाबाद में रविवार दोपहर को रेलवे ट्रैक से मिले युवक-युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। दोनों अंबाला के गांव अधोया-अधोयी के रहने वाले हैं। शवों की शिनाख्त के बाद आज उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
शुरुआती जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। अभी पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए स्वजनों से पूछताछ कर रही है। मृतक युवक की शिनाख्त जिला अंबाला के गांव अधोया निवासी अंकित (27) के रूप में हुई और युवती भी इसी गांव की रहने वाली बताई जा रहा है।
गौरतलब है कि रविवार को युवक और युवती शाहाबाद स्थित मारकंडा मंदिर के पास पहुंचे। दोनों को मारकंडा दरिया के समीप बनी पार्किंग में आपस में बहस करते हुए देखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बहस करते हुए रेलवे ट्रैक की ओर चले गए, जहां कुछ देर बाद ट्रेन की चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा इसे पहले ही आत्महत्या बताया जा रहा था। हालांकि जीआरपी और आरपीएफ सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही थी। उसी दिन से पुलिस दोनों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी थी। अब मंगलवार की देर रात दोनों की शिनाख्त हो गई है। लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में बुधवार को दोनों के शवों को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
नोगजा पीर के पास भी देखे गए थे दोनों
जांच के दौरान मंगलवार को पुलिस के हाथ एक अहम जानकारी लगी थी। इंटरनेट मीडिया पर युवक की शर्ट की फोटो वायरल होने के बाद जीआरपी को कई लोगों के फोन आए। काल करने वालों ने बताया कि घटना से पहले युवक और युवती को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नोगजा पीर के पास भी देखने की बात कही थी।
पुलिस ने इन जानकारियों को भी जांच का हिस्सा बनाकर सत्यापन का प्रयास तेज कर दिया था। वहीं इंटरनेट मीडिया पर घटना की खबर वायरल होने के बाद विभिन्न शहरों से लापता युवतियों की कई तस्वीरें भी जीआरपी को भेजी गईं थी।
इनमें से कोई फोटो घटनास्थल पर मिली युवती से मेल नहीं खा सकी थी। जांच में यह सामने आया था कि युवती की दाहिनी बाजू पर महाकाल लिखा हुआ है तथा उसके गले में काला धागा बंधा हुआ था, पुलिस इसी को पहचान का महत्वपूर्ण आधार मान कर आगे बढ़ रही थी।
स्वजनों के आने पर करवाया जाएगा पोस्टमार्टम
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि युवक-युवती के शवों की शिनाख्त हो गई है। युवक व युवती जिला अंबाला के गांव अधोया के रहने वाले हैं। मृतक युवक की पहचान अंकित (27) के रूप में हुई है।
युवती के माता-पिता उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और मेहनत मजदूरी का काम करते हैं, फिलहाल वह गांव अधोया में ही रह रहे थे। उनके स्वजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

