बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: पूर्व अधिकारी को जेल, मुख्य आरोपित की रिमांड अर्जी खारिज

1627 Shares

 बदरीनाथ धाम में चढ़ावे के गिनती के दौरान हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार सह आरोपित राजेंद्र सिंह चौहान को लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया गया। आरोपित को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेजा है।

वहीं मामले के मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए भी पुलिस की ओर से अर्जी लगाई गई थी लेकिन न्यायालय ने पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी खारिज की है।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावा गिनती के दौरान हुई हेरा फेरी के मामले में बदरीनाथ मंदिर के पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान को बीते दिन गिरफ्तार किया था। बताया गया कि आरोपित के बदरीनाथ स्थित सरकारी आवास में आरोपित की मौजूदगी में हुई तलााशी के दौरान ,बंगलादेश, साऊदी अरब,नेपाली की करेंसी के साथ सात डिब्बे केसर व छ किलो घी भी मिला है।

एसआइटी जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि यह करेंसी व सामग्री मंदिर के चढ़ावे से लाई गई है। पुलिस द्वारा आरोपित पूर्व मंदिर अधिकारी को न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ हीना कोसर की अदालत में पेश किया गया ।

बताया गया कि ज्योतिर्मठ न्यायिक मजिस्ट्रेट के न होने से गोपेश्वर में तैनात न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास ही ज्योतिर्मठ का भी पदभार है। गोपेश्वर न्याय भवन में न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपित राजेंद्र सिंह चौहान को पुलिस रिमांड में जिला कारागार भेजा है।

दूसरी ओर पुलिस द्वारा मामले में पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल सोने चांदी के उपहार, चढ़ावे की गिनती को लेकर तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन दिया था । सहायक अभियोजन अधिकारी का तर्क था कि आराेपित बदरीनाथ धाम में चढ़ावा दान की हेरा फेरी के मामले में मुख्य आरोपित के खिलाफ पर्याप्त सबूत सीसीटीवी रिकॉर्ड में है। कहा कि आरोपित से पूछताछ के साथ दान, चढ़ावे की धनराशि, सहित अन्य सामग्री रिकवर कि जा रही है।

लिहाजा पुलिस कस्टडी रिमांड जरुरी है। आरोपित की ओर से लीगल एड डिफेंस सिस्टम के मुख्य डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता समीर बहुगुणा, उप मुख्य डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता मोहन पंत ने आरोपित के पक्ष में कानूनी बिंदु रखते हुए पुलिस रिमांड का विरोध किया। बताया गया कि दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के जिरह सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपित प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी को खारिज किया है।

बदरीनाथ धाम में पुलिस एसआइटी जांच में जुटी हुई है । बताया गया कि कुछ अन्य के खिलाफ भी चढ़ावा दान में हेरा फेरी के साक्ष्य मिले हैं जिनका अध्ययन किया जा रहा है। बताया गया कि मामले में जल्द कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि एसआइटी जांच में सबूतों का अध्ययन कर रही है। कहा कि मामले में दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *