केदारनाथ रोपवे परियोजना: रोजगार और भविष्य को लेकर 19 जुलाई को गुप्तकाशी में महापंचायत

1474 Shares

 केदारनाथ रोपवे परियोजना से स्थानीय लोगों की आजीविका, रोजगार और भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर 19 जुलाई को गुप्तकाशी में महापंचायत आयोजित की जाएगी।

महापंचायत में केदारघाटी के विभिन्न गांवों के लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि चर्चा करेंगे।

प्रेसवार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान ने कहा कि यदि रोपवे परियोजना से होटल, ढाबा, रेड़ी-पटरी, डंडी-कंडी, घोड़ा-खच्चर व्यवसाय और अन्य स्थानीय रोजगार प्रभावित होते हैं तो सरकार और निर्माण एजेंसी को इसके लिए पहले से ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि रोपवे परियोजना के उद्घाटन से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, वैकल्पिक रोजगार और आर्थिक सुरक्षा की नीति बनाई जाए।

साथ ही निर्माण एजेंसी से केदारघाटी में 200 बेड का आधुनिक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित कर उसका संचालन स्वयं करने की भी मांग रखी जाएगी।

त्रिभुवन चौहान ने सुझाव दिया कि घाटी के प्रत्येक 20 गांवों का एक क्लस्टर बनाकर स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जाए। उनका कहना था कि इससे परियोजना का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंचेगा।

उन्होंने केदारघाटी के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 19 जुलाई को गुप्तकाशी में आयोजित महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *