बस्ती में नगर-कप्तानगंज मार्ग का होगा कायाकल्प, 41.39 करोड़ की परियोजना को मिली हरी झंडी
लंबे समय से जर्जर नगर बाजार से कप्तानगंज मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर लिया है। लगभग 41.39 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के तैयार प्रस्ताव के अनुसार, कप्तानगंज से नगर तक करीब 9.685 किलोमीटर लंबाई वाले मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। परियोजना पर 41.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग बहादुरपुर और कप्तानगंज विकासखंड के कई गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस सड़क से गुजरते हैं।
इस परियोजना की पहल महादेवा विधायक दूधराम ने की थी। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को पत्र लिखकर बताया था कि कप्तानगंज से नगर तक का यह मार्ग अत्यधिक यातायात के कारण संकरा पड़ चुका है। लगातार बढ़ते वाहनों की आवाजाही को देखते हुए और बस्ती-लखनऊ फोरलेन से लुंबिनी-दुद्धी हाइवे को जोड़ने वाली इस सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
विधायक के पत्र पर विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता धनंजय पांडेय ने बताया कि स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

