हापुड़ में पानी की जगह शिक्षिका को पिला दिया तेजाब, पीते ही खून की उल्टियां शुरू; मेरठ के अस्पताल में भर्ती

8.5kViews
1380 Shares

 कोतवाली हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित अर्जुन नगर मोहल्ले में शुक्रवार शाम एक गंभीर हादसा हुआ। एक निजी स्कूल की शिक्षिका को पानी की बोतल समझकर गलती से तेजाब की बोतल दे दी।

शिक्षिका की हालत बिगड़ने पर उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग इस घटना से अनभिज्ञ बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार अर्जुन नगर की निवासी रिया एक स्कूल में शिक्षिका हैं। शुक्रवार शाम को वह मोहल्ले में स्थित सराफा एमके ज्वेलर्स की दुकान पर खरीदारी करने गई थीं।

गलती से तेजाब की बोतल दे दी

प्यास लगने पर उन्होंने पानी मांगा, जिस पर ज्वेलर्स महेश कुमार ने पास की एक कन्फेक्शनरी दुकान से पानी की बोतल मंगाई। इस दौरान दुकान पर मौजूद देनू नाम की महिला ने गलती से तेजाब से भरी बोतल दे दी।

तेजाब को पानी के ब्रांड की बोतल में भरकर फ्रिज में रखा गया था। शिक्षिका ने जैसे ही बोतल से घूंट लिया, उनके गले में तेज जलन होने लगी और तबीयत बिगड़ गई।

घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और शिक्षिका के स्वजन को सूचना दी। स्वजन ने उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

शिक्षिका को हो रहीं खून की उल्टियां

जानकारी के अनुसार, शिक्षिका की आंतों में घाव हो गए हैं और उन्हें खून की उल्टी हो रहीं हैं। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पानी की जगह गलती से तेजाब की बोतल दी गई थी। पुलिस यह भी पता लगा रही है तेजाब की बोतल पानी के साथ कैसे रखी गई थी और यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है।

जिम्मेदार बनें अनजान

खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह खाद्य पदार्थों की दुकानों पर जांच करे। एक ही फ्रिज में पानी और तेजाब की बोतलों का होना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। शहर में तेजाब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

यह बरतें सावधानी

तेजाब, फिनाइल, बाथरूम क्लीनर जैसे रसायनों को कभी भी पानी या पेय पदार्थ की बोतलों में न भरें और सभी रसायनों को उनके मूल पैक में सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *