शहर के हंस नगर में हुए दर्दनाक ब्लास्ट मामले में एक और जान चली गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मकान मालिक एवं पूर्व सैनिक सतबीर ने शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इससे पहले 8 जुलाई को उनकी बेटी तन्नू की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की शाम करीब 5 बजे हंस नगर मोहल्ले में अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ था। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकानों में भी कंपन महसूस किया गया और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में पूर्व सैनिक सतबीर, उनकी पत्नी मधु, बेटी तन्नू, एक पड़ोसी तथा एक रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए थे।
घटना के बाद सबसे पहले 8 जुलाई को हुआ था तन्नू का निधन
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान सबसे पहले तन्नू की हालत बिगड़ती चली गई और 8 जुलाई को उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शनिवार को सतबीर ने भी जिंदगी की जंग हार दी।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में पीएनजी गैस पाइपलाइन को ब्लास्ट का संभावित कारण माना गया था। इसी आधार पर पुलिस ने आईजीएल कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पूरी तरह टूटा परिवार
हालांकि, घटनास्थल से फोरेंसिक टीम द्वारा लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है, जिसके बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है। एक ही घर में पिता और बेटी की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

