उन्नाव में हाई कोर्ट के निर्देश पर कब्र से निकलवाया शव, संदिग्ध हालत में हुई थी युवक की मौत

8.2kViews
1481 Shares

हसनगंज के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव दफनाए जाने के बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासन ने शव कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही।

क्षेत्र के हसनगंज निवासी सलीम के 22 वर्षीय पुत्र आरिफ की 27 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसपर स्वजनों ने उस समय बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दफना दिया था।

बाद में स्वजन को युवक की हत्या किए जाने का संदेह होने पर उन्होंने उच्च न्यायालय की शरण ली और याजिका दायर की। इसमें उन्होंने हत्या की आशंका जता कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

न्यायालय के निर्देश के बाद शुकवार को न्यायिक एसडीएम हसनगंज उदयवीर सिंह, संयुक्त अभियोजन अधिकारी मो. तारिक खान,सीओ तेज बहादुर सिंह, सीएचसी प्रभारी नितिन श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक शरद कुमार सिंह व पुलिस बल की मौजूदगी में दिवंगत की पिता सलीम, भाई आसिफ,चाचा पप्पू, धर्मेंद्र, रिंकू, इजाद अली आदि ने कब्र खोदकर शव बाहर निकाला। शव बाहर निकलते ही दूर तक दुर्गंध फैल गई। शव की पहचान करवा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर शव कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *