वेल्स की प्रिंसेस डायना ‘रिवेंज ड्रेस’ आज फिर 30 साल बाद चर्चा का विषय बन गई है। प्रिंसेस डायना ने यह ड्रेस पहनकर शाही प्रोटोकॉल तोड़ा था और पॉप कल्चर में एक यादगार पल बनाया था।
30 साल बाद ये ड्रेस अब नीलाम होने जा रही है। ग्रीक डिजाइनर क्रिस्टीना स्टैम्बोलियन की यह शानदार इवनिंग गाउन इस महीने लंदन में दिखाई जाएगी।
लंदन के बाद डायना की ड्रेस को हांगकांग, जेनेवा और आखिर में न्यूयॉर्क ले जाया जाएगा, जहां 9 दिसंबर को इसकी नीलामी होगी और इसके 300,000 डॉलर तक में बिकने की उम्मीद है।
प्रिसेंस डायना ने कब पहनी थी ये ड्रेस?
वेल्स की दिवंगत राजकुमारी ने यह ब्लैक ड्रेस 29 जून, 1994 को तब पहनी थी, जब उसी दिन उनके तत्कालीन पति (और अब किंग चार्ल्स III) ने एक ITN डॉक्यूमेंट्री में माना था कि उन्होंने बेवफाई की थी।
पति की बेवफाई के बाद भी डायना ने लंदन की सर्पेंटाइन गैलरी में एक पार्टी के लिए इतनी आकर्षक गाउन पहनी कि उसे एक खास नाम मिल गया- ‘रिवेंज ड्रेस’।
इस बात का खुलासा कुछ दिन पहले ही ब्रिटिश प्रेस ने कर दिया था और डॉक्यूमेंट्री देश भर में 1.3 करोड़ (13 मिलियन) लोगों ने देखी थी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

