विभाग के सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम को शराब की बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी मिली है। टीम ने सब्जियों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है।
यह कार्रवाई उत्पाद इंस्पेक्टर गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एएसआई जितेंद कुमार द्वारा शनिवार की देर रात सोनो के डुमरी चेकपोस्ट पर की गई है। यहां सब्जी लदे पिकअप वाहन से 108 पेटी 5184 बोतल यानि 933.120 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है।
साथ ही चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान आसनसोल निवासी बिक्की माल के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के इस कार्रवाई से शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। उक्त जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने दी है।
उन्होंने ने बताया कि थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार के नेतृत्व में गठित उत्पाद विभाग की टीम में शामिल एएसआई जितेंद कुमार द्वारा शराब के विरुद्ध की जा रही वाहन जांच के दौरान डुमरी चेकपोस्ट पर एक सब्जी लदे पिकअप वाहन को जब्त किया गया।
जांच के दौरान सब्जी के नीचे से 108 पेटी 5184 बोतल यानि 933.120 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ के दौरान शराब की खेप बंगाल के आसनसोल से मोतिहारी की ओर ले जाई जा रही थी।
शराब तस्कर का भी पता लगाया जा रहा है। कागजी प्रक्रिया पूरी कर चालक को जेल भेजा जाएगा। आगे उन्होंने बताया की शराब के विरुद्ध सभी चेकपोस्टों के अलावा जिलेभर में अलग- अलग टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

