दिल्ली-एनसीआर में दो साल में 254 विदेशी ड्रग तस्कर गिरफ्तार, संसद में बड़ा खुलासा

8.9kViews
1832 Shares

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि एनसीआर में 2024 से लेकर इस वर्ष 30 जून तक मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित मामलों में यहां रहने वाले 254 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

मंत्री राय ने यह जवाब दक्षिण दिल्ली संसदीय सीट से सांसद रामवीर सिंह बिधुड़ी द्वारा उठाए गए सवालों के उत्तर में दिया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार खानपुर एक्सटेंशन, देवली, संगम विहार, महरौली, हौज रानी, उत्तम नगर और पश्चिम दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों से इन विदेशी नागरिकों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया। इनमें अधिंकाश नाइजीरियाई नागरिक हैं।

उन्होंने बताया कि 103 विदेशी नागरिक बिना अनिवार्य सत्यापन के ही किराये पर घरों में रहते हुए पाए गए। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने 63 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

पीठासीन अधिकारी की टिप्पणियां स्पीकर ने रिकॉर्ड से हटाईं

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने एक असामान्य फैसले में बुधवार को भाजपा सांसद जगदंबिका पाल की कुछ टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटा दिया। पाल ने ‘बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026’ पारित होने से पहले सदन की कार्यवाही का संचालन करते हुए ये टिप्पणियां की थीं।

जगदंबिका पाल ने समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के बारे में कुछ बातें कही थीं। ये दोनों 20 जुलाई को संसद तक मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।

जगदंबिका पाल ने समाजवादी पार्टी की मुरादाबाद से सांसद को कार्यवाही में बाधा डालने के लिए टोकते हुए ये टिप्पणियां की थीं। वेणुगोपाल के विरुद्ध जिन टिप्पणियों को हटाया गया, वे भी जगदंबिका पाल ने इसी संदर्भ में की थीं। पता चला है कि कांग्रेस सांसदों ने जगदंबिका पाल की राजनीतिक टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए बिरला से शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *