घरेलू उड़ानों के संचालन में चेन्नई का दबदबा, दिल्ली-मुंबई काफी पीछे; डीजीसीए की रिपोर्ट में खुलासा

1287 Shares

 नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मई 2026 का घरेलू उड़ान आंकड़ा जारी किया है। इसमें चेन्नई एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान हासिल किया है। चेन्नई में इंडिगो, एयर इंडिया ग्रुप, अकासा, एलायंस एयर और स्पाइसजेट की 92.2% घरेलू उड़ानें समय पर संचालित हुईं।

इसके बाद कोलकाता (84.7%), हैदराबाद (84.4%), बेंगलुरु (82.3%) और कोच्चि (81.5%) का नंबर आता है। वहीं देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्टों में दिल्ली और मुंबई का प्रदर्शन सबसे खराब रहा।

दिल्ली में केवल 72.6% उड़ानें समय पर चलीं, जबकि मुंबई में यह आंकड़ा महज 70.5% रहा। अहमदाबाद और लखनऊ दोनों 76.7% के साथ छठे और सातवें स्थान पर रहे। गुवाहाटी 75.3% के साथ नौवें स्थान पर रहा।

एयरलाइंस के प्रदर्शन की बात करें तो इंडिगो ने 82.8% की पंचुअलिटी के साथ टॉप किया। अकासा 78.3% और एयर इंडिया ग्रुप 74.5% के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। स्पाइसजेट का प्रदर्शन सबसे खराब रहा, जहां सिर्फ 26.5% उड़ानें समय पर पहुंचीं।

मई में गर्मी की छुट्टियों के कारण घरेलू उड़ानों में अच्छी वृद्धि देखने को मिली। इस महीने देशभर में 1.5 करोड़ से ज्यादा यात्री घरेलू उड़ानों से यात्रा की, जो पिछले साल मई के मुकाबले करीब 10% ज्यादा है। अप्रैल में यह संख्या 1.4 करोड़ से कम थी।

जनवरी से मई 2026 तक कुल 7.3 करोड़ घरेलू यात्री यात्रा कर चुके हैं, जो पिछले साल की समान अवधि से महज 2% ज्यादा है। बाजार हिस्सेदारी में इंडिगो का दबदबा जारी रहा। मई में इंडिगो ने 64.9% मार्केट शेयर हासिल किया, जबकि एयर इंडिया ग्रुप 25.6% और अकासा 5.8% पर रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि विदेश यात्रा पर पड़ी आर्थिक और अन्य पाबंदियों के कारण घरेलू उड़ानों की मांग बढ़ी है, जिससे होटल और पर्यटन उद्योग को भी फायदा हुआ है। डीजीसीए का यह डेटा एयरपोर्ट अथॉरिटीज और एयरलाइंस के लिए समय पर उड़ानें सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने का संकेत देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *