उत्तराखंड कांग्रेस में जनसंवाद यात्रा को लेकर घमासान, हरीश रावत के कदम से बढ़ी अंदरूनी खींचतान

9.9kViews
1914 Shares

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर विवाद बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने इस यात्रा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसके बारे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी या उनसे चर्चा नहीं की गई थी।

कुमारी सैलजा ने रावत को पत्र लिखकर कहा कि चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट होकर संगठनात्मक तैयारियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अलग से किसी समानांतर कार्यक्रम को पार्टी के हित में नहीं बताया और यात्रा के कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी।

इसके बावजूद हरीश रावत ने यात्रा का कार्यक्रम जारी रखा। रावत ने इसे जनता से संवाद और कांग्रेस को मजबूत करने की पहल बताया है। उनके कार्यक्रमों में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए हैं।

मामला कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व तक भी पहुंचा। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रावत से बातचीत की और चुनावी राज्य में सभी नेताओं को पार्टी के बैनर तले मिलकर अभियान चलाने की बात कही। रावत को दिल्ली भी बुलाया गया है।

कांग्रेस के भीतर यात्रा को लेकर चल रहे इस विवाद से पार्टी की आंतरिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में है। वहीं भाजपा इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को अपने चुनावी अभियान में मुद्दा बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *