इटावा में नोएडा से कानपुर जा रही स्लीपर बस में जहरखुरानी गिरोह ने 5 यात्रियों को बनाया शिकार, सामान लूटकर भागे

1142 Shares

नोएडा से कानपुर जा रही स्लीपर बस में सफर कर रहे पांच यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने रास्ते में कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर पांच यात्रियों को अपना शिकार बना लिया। जहरखुरानी गिरोह के सदस्य यात्रियों का मोबाइल फोन, नकदी व अन्य सामान लेकर भाग गए।

शनिवार सुबह बस महेवा स्थित एक होटल के सामने रुकी तो यात्रियों के बेहोशी की हालत में मिलने पर घटना की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी यात्रियों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उन्हें बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ ले गए, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नोएडा सेक्टर-37 से कानपुर जा रही एक स्लीपर बस शनिवार सुबह महेवा में एक होटल के सामने यात्रियों को उतारने के लिए रुकी थी। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने बस के परिचालक को बताया कि बस में पांच यात्री अपनी सीटों पर अचेत अवस्था में पड़े हैं और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।

कब और कैसे हुई वारदात, नहीं चला पता

इस पर उन्होंने बस को सड़क किनारे खड़ा कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी अचेत यात्रियों को आटो की सहायता से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनका प्राथमिक उपचार किया। वहीं, बस को भी जांच के लिए थाने भेज दिया गया। पुलिस ने बस चालक, परिचालक और अन्य यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जहरखुरानी की वारदात कब, कैसे और कहा हुई।

जहरखुरानी का शिकार हुए यात्रियों में जसवंतनगर के केवाला पिलुआ मंदिर निवासी 23 वर्षीय विपिन, मैनपुरी के थाना घिरोर क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय सनी, फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय विजय कुमार तिवारी, बकेवर थाना क्षेत्र के इंद्रौसी गांव निवासी 23 वर्षीय मोहित पाल व टिडुआपुर निवासी 17 वर्षीय गुरुदीप पुत्र दिनेश शामिल हैं। होश में आने के बाद मोहित ने पुलिस को बताया कि वह नोएडा के सेक्टर-37 से बस में सवार हुआ था। यात्रा के दौरान सेक्टर-37 से बस के चलने के दौरान चार-पांच लोगों ने कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी थी।

संभवत: उसी में ही कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। इसके बाद उसे कुछ भी याद नहीं है। जब उसकी आंख खुली तो वह अस्पताल में था। उसने बताया कि उसका मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान गायब था। वहीं अन्य चार यात्रियों के मोबाइल फोन भी नहीं मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने सभी यात्रियों को बेहोश कर उनका सामान लूट लिया।

सीएचसी के डॉ. मोहित सक्सेना ने बताया कि अस्पताल में पांच अचेत यात्रियों को लाया गया था। सभी की हालत स्थिर थी। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उन्हें अपने साथ घर ले गए। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि बस चालक, हेल्पर और अन्य यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।

नोएडा में यात्रियों ने कोल्ड ड्रिंक या अन्य खाद्य सामग्री का सेवन किया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी ताकि यह पता चल सके कि यात्रियों के संपर्क में कौन-कौन लोग आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *