बाइक सवार युवक को रोका, अर्धनग्न कर लात-घूंसों से पीटा; बिजनौर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 बाइक से अपने गांव जा रहे युवक को शनिवार आधी रात छह-सात युवकों ने अर्धनग्न कर पीटा। मारपीट और गाली-गलौज करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक के पिता ने आरोपित युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।

गांव मुस्तफाबाद निवासी सुहैल अपनी ननिहाल अमीरपुर बेगा में रहता है। बाइक से गांव अमीरपुर बेगा से अपने घर मुस्तफाबाद जा रहा था। सुहैल गांव तरीकमपुर रूपचंद के पास नहर की पुलिया पर पहुंचा तो छह-सात युवकों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर युवकों ने सुहैल को अर्धनग्न कर लात-घूंसों से पिटाई की।

बदहवास हालात में युवक अपने घर पहुंचा। स्वजन को घटना की जानकारी दी। रविवार को घटना से जुड़ा 25 सेकेंड का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसमें कुछ युवक मारपीट व गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़ित युवक के पिता आरिफ सुहैल ने वीडियो के आधार पर रविवार देर रात शहर कोतवाली में तहरीर दी।

चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह-सात अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारपीट के आरोपितों की तलाश की जा रही है।

किसान को सांप ने डसा

नहटौर : साेमवार को गांव रुखड़ियो निवासी भगवान दास पुत्र लल्लू खेत पर धान की पौध तैयार कर रहा था। इस बीच उसे सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां पर प्राथमिक उपचार व एंटी वेनम वैक्सीन लगवाने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आशीष कुमार आर्य ने अपील की है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़े। सीएचसी में पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम वैक्सीन उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *