हिमाचल प्रदेश के कुल्लू अस्पताल में प्रसूता महिला की मौत बहुचर्चित मामले में सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 30 जून को जारी आदेश में कहा गया है कि 21 जून को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में डॉ. अनु देवी द्वारा किए गए ऑपरेशन के बाद मरीज की मृत्यु हुई थी।
इसके बाद कुल्लू में समाजसेवी व स्थानीय युवाओं ने धरना प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं ढालपुर में चक्काजाम भी किया था। निदेशक स्वास्थ्य सेवाओं की रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक के खिलाफ जांच प्रस्तावित है।
शिमला निदेशालय में रहेंगी तैनात
सरकार ने केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के नियम-10 के तहत कार्रवाई करते हुए डॉ. अनु देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय, शिमला रहेगा तथा सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगी।
उठ रही थी जांच की मांग
गौरतलब है कि प्रसूता की मौत के बाद कुल्लू में लगातार विरोध-प्रदर्शन, धरना और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही थी। सरकार की इस कार्रवाई को मामले में पहली बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है। अब पूरे मामले की विभागीय जांच के निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।


