आर्टिकल 370 और 35(A) को हटे सात साल हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह कदम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के लिए एक निर्णायक और नया अध्याय रहा।
पीएम मोदी ने आज बुधवार, 5 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आर्टिकल 370 हटने की सातवीं वर्षगांठ पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आए बदलाव के बारे में बताया।
आर्टिकल 370 लागू होने के बाद आए क्या-क्या बदलाव?
पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा, सात साल पहले, इसी दिन अनुच्छेद 370 और 35(A) इतिहास बन गए, जिससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की यात्रा में एक निर्णायक नया अध्याय शुरू हुआ।
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव के बारे में बताते हुए लिखा, ‘बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ है और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में अवसर बढ़े हैं।’
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ‘चाहे महिलाएं हों या हाशिए पर रहने वाले समुदाय, जिन्हें दशकों तक उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया था, उन्हें भारत के संविधान के पूर्ण कार्यान्वयन के कारण सशक्त बनाया गया है।’
पीएम मोदी ने बताया 5 अगस्त का महत्व
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, ‘इस वर्ष 5 अगस्त का महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि इसी वर्ष हमारा देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है।’
पीएम ने आगे लिखा, ‘राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रही है। दशकों पहले उन्होंने जो सपना देखा था, वह 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ।’
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की भूमिका बताते हुए लिखा, ‘हम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर नागरिक को बड़े सपने देखने, उन्हें हासिल करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिले।’

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

