Himachal Weather 9th September: हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा आज का मौसम, कब से भारी बारिश की संभावना?

3.3kViews
1290 Shares

हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ा है, लेकिन रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में आज भी कुछ जगह वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 12 सितंबर तक मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। कुछ एक स्थानों पर हल्की वर्षा का अनुमान है।

13 सितंबर को प्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है। प्रदेश में दिन के तापमान में सबसे अधिक गिरावट कल्पा में 1.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।

जनोग घाट में दरका पहाड़

शिमला में ठियोग के जनोग घाट में शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर साफ मौसम में अचानक भूस्खलन हो गया। इससे पहाड़ी से अचानक मलबा और चार पेड़ सड़क पर गिरने से एनएच चार घंटे तक बंद रहा। इस कारण बसें, सेब से लदे वाहन जाम में फंस गए। चार घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हुआ।

सुबह-शाम ठंड, दिन में गर्मी

प्रदेश में पहाडों पर इन दिनों सुबह-शाम ठंड तो दिन में गर्मी पड़ रही है। केलंग के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि के बावजूद 10.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन के तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 25.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। भुंतर और कल्पा में दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। जबकि ऊना में दिन का तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि पालमपुर में तीन डिग्री, कुफरी में 2.3 डिग्री की गिरावट आई है।

1550 करोड़ का नुकसान

इस बार मानसून के दौरान 30 जून से लेकर 8 सितंबर तक कुल 1,550.19 करोड़ का नुकसान आंका गया है। अब तक 114 लोगों की भूस्खलन, बाढ़ और अन्य कारणो से मौत हुई है। प्रदेश में 65 सड़कें बंद पड़ी हैं। अकेले मंडी जिले में 29 और कुल्लू में 11 सड़कें बंद हैं। जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सिरमौर में झमाझम बारिश

प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान सिरमौर में कई स्थानों पर झमाझम वर्षा हुई। सिरमौर के पच्छाद में 48.2 मिलीमीटर जबकि धौलाकुआं में 33.5, मंडी के मुरारी देवी में 46, धौलाकुआं में 33, शिमला के कोटखाई में 19.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार को भी प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *