लोनी के बंथला गांव में 14 साल से सूखी पानी की टंकी, 20 हजार लोग प्यासे

नगर पालिका परिषद लोनी के बंथला गांव फ्लाइओवर के बराबर में करीब डेढ़ दशक पूर्व पानी की टंकी का निर्माण गया था। टंकी बनने के बाद लोगों को लगा की उनकी समस्या दूर होगी, लेकिन आज भी बंथला गांव के लोगों के बीच पेयजल संकट बना है।

20 हजार की आबादी वाले बंथला गांव में पेयजल संकट के निराकरण के लिए करीब 14 वर्ष पहले पानी की टंकी का निर्माण किया गया था। इन दिनों यह पानी टंकी शोपीस बनकर रह गई है।

टंकी से जुड़ी पाइप लाइन आधी अधूरी बिछाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी टंकी निर्माण को लेकर जल निगम के अधिकारी व ठेकेदार ने लापरवाही की है।

नगरपालिका में शामिल होने के बाद भी नहीं उठाया गया कोई कदम

तीन वर्ष पूर्व गांव नगरपालिका में शामिल होने के बाद भी समस्या को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। शिकायत के बाद भी अधिकारी व अन्य जिम्मेदार कोई कदम नहीं उठा रहे।

गांव में हैंडपंप भी गिने-चुने ही लगे हैं। गांव में जलापूर्ति का कोई विकल्प नहीं है। कुछ घरों में सबमर्सिबल लगा है। उससे ही लोग किसी तरह जरूरत के कार्य पूरे कर रहे हैं। लोगों को पीने के लिए प्रतिदिन दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।

इससे लोगों का हर माह बजट बिगड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों से स्थायी समाधान के लिए लगातार शिकायत कर रहे हैं, पर कोई समाधान नहीं हो रहा है। समाधान के नाम पर अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं।

तीन वर्ष पूर्व बंथला गांव नगर पालिका में शामिल हो गया है। इसके बाद भी यहां पानी की सबसे बड़ी समस्या है। पालिका के अधिकारी जल्द समस्या का समाधान कराएं।
– गजेंद्र सिंह स्थानीय निवासी

पेयजल की समस्या सबसे बड़ी है। अभी तक गांव में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। नगर पालिका के अधिकारी पानी की समस्या का स्थाई समाधान नहीं करा रहे हैं।
– सोनू पंडित स्थानीय निवासी

पानी की आपूर्ति न होने पर जगह-जगह भटकना पड़ता है। पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदकर काम चलाना पड़ता है। बिना पानी के रोजमर्रा के कार्य नहीं कर पाते हैं।
– राजेश स्थानीय निवासी

नगर पालिका द्वारा पानी के टैंकर तक नहीं भेजे जाते हैं। इससे लोग दिनभर पानी के लिए भटकते रहते हैं। गर्मी में बिन पानी के और बुरी हालत हो गई है।
– राहुल स्थानीय निवासी

दुकानों से पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ता है। इससे हर माह का बजट बिगड़ रहा है। अधिकारियों में लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा है।
– सेंसरपाल स्थानीय निवासी

गांव में इक्का-दुक्का हैंडपंप लगे हुए हैं। पानी नहीं आने पर दूर के हैंडपंप से बाल्टी में पानी भरकर लाना पड़ता है। बिना पानी के जरूरी कार्य तक नहीं कर पाते।
– रविन्द्र, स्थानीय निवासी

बंथला गांव में बनी पानी की टंकी ब्लाक के पास है। नगरपालिका में जुड़ने के बाद भी पालिका के हैंडओवर नहीं हुई है। उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द ही समस्या का समाधान कर जलापूर्ति की जाएगी।

– वैभव त्रिपाठी,अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका लोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *