जम्मू-कश्मीर के पुंछ में लगी भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख; सेना के जवानों ने संभाला मोर्चा

6.0kViews
1626 Shares

 जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार को भीषण आग लग गई। बुफलियाज बाजार में आग लगने से आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। गनीमत है कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

हालांकि, संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों के अंदर मौजूद सारा सामान जलकर राख हो गया। इस बीच भारतीय सेना के जवानों ने बिना देरी किए मोर्चा संभाल लिया। रोमियो फोर्स के जवानों ने पानी के टैंकर तैनात किए।

स्थानीय लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आग पर काबू पाया। भारतीय सेना ने कहा कि हमारे जवान न केवल सीमाओं का, बल्कि जम्मू-कश्मीर में हर जीवन और आजीविका का रक्षक है।

शॉर्ट सर्किट से लगी बाजार में आग

बता दें कि आग सुबह करीब 5 बजे लगी और लकड़ी और टिन से बनी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने सेना की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाद में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की एक टीम भी इसमें शामिल हो गई।

आग पर 30 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया और आसपास की इमारतों और घरों को नुकसान से बचा लिया गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि आग एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग बुझाने के प्रयासों में देरी के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दुकानों और संपत्ति को व्यापक नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने इलाके में एक स्थायी दमकल स्टेशन स्थापित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *