आवास विकास परिषद की खाली भूमि पर अवैध गतिविधियों से क्षेत्र में बढ़ रहा प्रदूषण और स्वास्थ्य संकट

वसुंधरा सेक्टर-11 के द्रोणागिरी अपार्टमेंट के पास उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की सरकारी भूमि पर हो रहीं अवैध गतिविधियों को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है।

इस भूमि पर कूड़ा और निर्माण सामग्री डाली गई है। नालों से निकलने वाला मलबा और अपशिष्ट भी इसी जमीन में डाला जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले हजारों लोगों को दुर्गंध में रहना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध, धूल व प्रदूषण फैल रहा है। इससे आसपास रहने वाले हजारों नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों व श्वास संबंधी रोगियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

समय रहते रोक नहीं लगी तो यह जगह बन जाएगा डंपिंग ग्राउंड

स्थानीय निवासी अमित किशोर का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो यह स्थान स्थायी डंपिंग ग्राउंड में परिवर्तित हो जाएगा। इससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर असर पड़ेगा।

उनका कहना है कि सरकारी भूमि का इस प्रकार दुरुपयोग किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। अगर जल्द कार्रवाई नहीं की तो धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसको लेकर आविप के अधीक्षण अभियंता से लिखित में शिकायत की गई है। उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *