VB G RAM G: मनरेगा से 45 रुपये ज्यादा मिलेगी मजदूरी, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना

ग्रामीण मजदूरों के लिए ‘वीबी जी राम जी’ खुशखबरी लेकर आया है। अब न सिर्फ मनरेगा से 25 दिन ज्यादा काम की गारंटी होगी, बल्कि पहले से 45 रुपये अधिक मजदूरी भी मिलेंगे। 30 जून तक मनरेगा में बिहार के मजदूरों को 255 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी। अब यह दर बढ़ा कर 300 रुपये कर दिए गए हैं।

माना जाता है कि मजदूरी और काम के दिनों की गारंटी में वृद्धि का सीधा लाभ मजदूरों को मिलेगा। इससे न सिर्फ मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि पलायन पर अंकुश लगेगा तथा जिले की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

सिक्किम के तीन पंचायतों में होगी सर्वाधिक 450 रुपये मजदूरी

30 जून को ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, योजना में अकुशल हस्त कर्मकारों के लिए राज्यवार मजदूरी दर का निर्धारण किया गया है। बिहार में मजदूरों को प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी दी जाएगी।

सर्वाधिक मजदूरी की बात की जाए तो सिक्किम के तीन ग्राम पंचायत ज्ञानथुंग, लाचुन और लाचेन में 450 रुपये मजदूरी मिलेगी।

इसके बाद 409 रुपये हरियाणा, 406 रुपये गोवा तथा 401 रुपये केरल के कामगारों के खाते में मजदूरी जाएगी। सबसे कम मजदूरी की बात की जाए तो यह बिहार, बंगाल, यूपी सहित देश के 21 राज्यों के लिए 300 रुपये अधिसूचित की गई है।

लगभग 35 करोड़ अतिरिक्त राशि जाएगी मजदूरों के खाते में

मनरेगा में बीते वर्ष काम करने वाले मजदूरों की संख्या और रोजगार सृजन दिवस के आंकड़ों के अनुसार, जिले में मजदूरों के खाते में लगभग 35 करोड रुपये अतिरिक्त राशि आने की संभावना प्रबल हो गई है। 2026-27 में 183669 परिवार के 216866 कामगारों ने मनरेगा में काम किया था।

इसमें 74,25,751 दिवस रोजगार सृजन के आंकड़े हैं। इसके मुताबिक 45 रुपये की बढ़ोतरी से लगभग 35 करोड़ रुपये अतिरिक्त हो जाते हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में मजदूरी मद में 189.35 करोड़ राशि मजदूरों के खाते में हस्तांतरित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *