AKTU के दीक्षा समारोह में दिए जाएंगे एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड, 7 जुलाई को होगा कार्यक्रम

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) अपने उत्कृष्ट शिक्षकों को सात जुलाई को होने वाले दीक्षा समारोह में सम्मानित करेगा।

इसके लिए अकादमिक क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों को एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड दिया जाएगा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों सम्मान पाले वाले शिक्षकों के चयन के लिए 28 जून तक आवेदन मांगे गए हैं।

इस अवॉर्ड के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के शिक्षक आवेदन कर सकेंगे। इसमें असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर शामिल किए जाएंगे।

साथ ही आवेदन करने वाले शिक्षक का नामांकित संस्थान में लगातार कम से कम तीन सालों तक अध्यापन जरूरी है। एक्सीलेंस अवॉर्ड संबद्ध संस्थानों के तीन एवं विश्वविद्यालय के एसोसिएटेड संस्थानों के एक शिक्षक को मिलेगा।

यह होगा चयन का आधार

अवॉर्ड के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों का चयन विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित अंकों के आधार पर दिया जाएगा। कुल अलग-अलग क्षेत्रों के लिए 500 अंक तय किए गए हैं।

इसमें विभिन्न शोध पत्रों में प्रकाशित शोध पत्र, पेटेंट और कापीराइट, पुस्तक प्रकाशन एवं संपादन, प्रोजेक्ट फंडिंग एवं ग्रांट, शोध छात्रों का निर्देशन, एच इंडेक्स एवं साइटेशन, विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में योगदान, विश्वविद्यालय की एकेडमिक समितियों में कार्य, संस्थान में प्रशासनिक कार्य, अवॉर्ड एवं अचीवमेंट, एफडीपी, कार्यशाला में प्रतिभाग आदि को चयन का आधार बनाया गया है। आवेदनों का मूल्यांकन स्क्रीनिंग कमेटी करेगी। प्रतिकुलपति प्रोफेसर राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों को पत्र जारी कर शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *